ब्रिज कोर्स, PDPET और विशिष्ट बीटीसी :प्राथमिक शिक्षा में PDPET सहित बीएड का भविष्य
ब्रिज कोर्स, PDPET और विशिष्ट बीटीसी : प्राथमिक शिक्षा में PDPET सहित बीएड का भविष्य राहुल पांडे अविचल तीन अलग-अलग प्रशिक्षण संरचनाएँ—ब्रिज कोर्स, PDPET और विशिष्ट बीटीसी—दिखने में भले ही स्वतंत्र पाठ्यक्रम प्रतीत हों, किंतु उनके भीतर प्रवाहित शैक्षणिक दर्शन एक ही मूल बिंदु से निकलता है : प्राथमिक शिक्षा के लिए एक सक्षम, संवेदनशील, उत्तरदायी और व्यावसायिक रूप से प्रशिक्षित शिक्षक का निर्माण करना। अंतर केवल इस बात का है कि यह लक्ष्य किस गहराई, किस अवधि और किस विधिक-शैक्षणिक मानक के साथ साधा जा रहा है। ब्रिज कोर्स को यदि गंभीरता से देखा जाए तो यह पूर्ण शिक्षक-प्रशिक्षण नहीं है, बल्कि एक संक्रमणकालीन व्यवस्था है। इसका उद्देश्य उन शिक्षकों को न्यूनतम शैक्षणिक आधार से जोड़ना है जो पहले से सेवा में हैं अथवा किसी कारणवश निर्धारित प्रारंभिक शिक्षक-प्रशिक्षण से वंचित रह गए। बाल विकास, शैक्षिक मनोविज्ञान, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, पाठ्यक्रम-बोध और सीमित विषय-पेडागॉजी इसके केंद्र में हैं। मूल्यांकन संरचना संक्षिप्त है, विषयों की संख्या सीमित है और विद्यालयीय अभ्यास न्यूनतम है। यह प...